अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद और एलजी के बीच यहां एक करार के दौरान ट्वेटी-ट्वेटी विश्व कप में भारतीय टीम की हौसला अफजाई के लिए कैमरों की फ्लशलाइट के बीच अभिनेत्री करीना कपूर 15 छोटे छोटे बच्चों के साथ मंच पर आई और करीब दस मिनट के अपने स्पेशल अपीयरेंस मे बिना एक भी डायलाग बोले अपने ग्लैमर का जादू बिखेरकर चली गई। करीना शफ्फाक कमीज और नीली जींस में किसी परी से कम नही लग रही थी। उनकी हर अदा को कैमरे में कैद करने के लिए फोटोग्राफरों में होड मच गई जबकि मीडियाकर्मियों में उनसे सवाल पूछने के लिए बेकरारी साफ नजर आ रही थी। रिफ्यूजी, जब वी मेट, चमेली और देव जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकी करीना ने हालांकि सभी को निराश किया और बिना एक भी शब्द बोले मंच से निकल गई। इस बीच उसने वहां मौजूद बच्चों को अपने आटोग्राफ वाले बल्ले जरूर भेट किये।



