मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री में 17 साल की उम्र में कदम रखने वाली अभिनेत्री कंगना राणावत बहुत जल्द अपनी उम्र के अगले पायदान पर कदम रखने जा रही हैं और वो 23वें साल में पहुंच जाएंगी। कंगना अपने करियर में बेस्ट सपोर्टिग एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी हैं। कंगना फैशन, गैंगस्टर जैसी फिल्मों के जरिए बॉलीवुड में अपनी पहचान भी पुख्ता कर चुकी हैं।
कंगना का कहना है कि इंडस्ट्री में एक वक्त ऎसा भी था जब अभिनेत्रियां फिल्म के हीरो से कम पारिश्रमिक पाती थीं, लेकिन अब अभिनेत्रियों को फिल्मों में केवल नाचने के लिए नहीं रखा जाता है। वक्त के साथ-साथ उनकी भूमिकाएं दमदार होती जा रही हैं। कंगना का कहना है कि अब अभिनेत्रियों की भूमिकाएं ज्यादा अर्थपूर्ण और चुनौती भरी होती हैं, जो अच्छा संकेत है। कंगना ने बॉलीवुड में अपनी एंट्री से पहले दिल्ली में थिएटर किया है और उनका मानना है कि सफलता में उनकी इसका बहुत बडा योगदान है। वैसे एक बार उन्होंने थिएटर गुरू से पूछा कि अच्छी जिंदगी जीने के लिए क्या करना चाहिए, तो उन्होंने सलाह दी कि फिल्म कलाकार बन जाओ।
अभिनेत्रियां केवल नाचने के लिए नहीं हैं: कंगना
मार्च 20, 2010 khaskhabar द्वारा