बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत की “हिस” सहित दो फिल्में 12 मई से शुरू होने जा रहे 63वें कान्स अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित होंगी। उनकी फिल्म “लव, बराक” भी यहां प्रदर्शित होंगी। अफवाह है कि महोत्सव में सर्प महिला की कहानी पर आधारित “हिस” के प्रदर्शन के दौरान जिंदा सांप भी मौजूद रहेंगे।
जेनीफर लिंच के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण स्पिलिट इमेज पिक्चर्स के गोविंद मेनन और विक्रम सिंह ने किया है। फिल्म में मल्लिका के अलावा इरफान खान, दिव्या दत्ता और अमेरिकी किरदार अभिनेता जेफ डॉसीट ने अभिनय किया है। वीनस रिकॉड्र्स एंड टेप्स इस फिल्म का वितरण करेगी। फिल्मोद्योग के सूत्रों का कहना है कि फिल्म के महोत्सव में प्रदर्शन के दौरान ही इसके व्यवसायिक प्रदर्शन की तारीख घोषित की जाएगी। इरफान ने महोत्सव में उपस्थित रहने की पुष्टि की है। मल्लिका की एक और फिल्म “लव, बराक” का भी महोत्सव में प्रदर्शन होगा। रोमांस से भरी यह हास्यप्रधान फिल्म अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए बराक ओबामा के अभियान की पृष्ठभूमि पर आधारित है। पिछले महीने लास एंजेलिस में इस फिल्म का निर्माण पूरा हुआ है।