बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दे चुके दिग्गज फिल्मकार करण जौहर ने सुपरस्टार ऋतिक रोशन अभिनीत “काइट्स” को एक शानदार फिल्म करार दिया है। न्यूयार्क में फिल्म के प्रीमियर में शामिल होने वाले जौहर ने कहा है कि एक महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत बनाई गई इस फिल्म में ऋतिक ने बेहतरीन अभिनय किया है।
जौहर ने सोशल नेटवर्किग वेबसाइट “टि्वटर” पर जारी अपनी टिप्पणी में लिखा है, “”काइट्स एक शानदार फिल्म है और ऋतिक ने बेहतरीन अभिनय किया है। साथ ही बारबरा मोरी इस फिल्म को उत्तेजक और आकर्षक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। कुल मिलाकर यह एक बेहद सफल फिल्म साबित होगी।”" अनुराग बसु द्वारा निर्देशित “काइट्स” की कहानी प्रेम-प्रसंग पर आधारित है। इसकी कहानी दो लोगों द्वारा भाषाई और देशों की सीमाओं को लांघने की दास्तां बयां करती है। इसमें एक भारतीय पुरूष और एक मेक्सिकन सुंदरी के बीच का प्यार दिखाया गया है। फिल्म में ऋतिक और मोरी के अलावा कंगना रानावत ने भी अच्छा अभिनय किया है। फिल्म के निर्माता ऋतिक के पिता राकेश रोशन हैं। इसका विपणन रिलायंस बिग पिक्चर्स ने किया है। इस फिल्म का हिंदी संस्करण 21 मई और अंग्रेजी संस्करण 28 मई को दुनिया भर में प्रदर्शित हो रहा है।