मुरैना के मलिकपुर गांव में एक दलित के घर रोटी खाने पर कुत्ते के मालिक ने उसे अछूत घोषित कर दिया और इसके बदले में दलित परिवार से 15 हजार रूपए की मांग भी कर दी। यह मामला जन सुनवाई में उस समय सामने आया, जब एक दलित परिवार कलक्टर एमके अग्रवाल व डीआईजी चंबल के यहां एक कुत्ते को लेकर पहुंचा।
दलित परिवार का कहना था घर में बची एक रोटी पडोसी के पालतू कुत्ते को खाने को दे दी। इस पर कुत्ते का मालिक नाराज हो गया। उसने दलित परिवार से कहा कि उसकी रोटी खाने से कुत्ता अछूत हो गया है। उसने कुत्ते को दलित परिवार से अपने साथ ले जाने को कहा और इसके एवज में 15 हजार रूपए मांगे। दलित परिवार की महिला के अनुसार पडोसी ने अपना पालतू कुत्ता उनके यहां बांध दिया और रूपए की मांग की और धन नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है।
महिला ने कहा कि हमारे पास पैसा नहीं है और अब गांव में रहना मुश्किल हो गया है। कलक्टर ने दलित परिवार की पूरी बात सुनने के बाद पुलिस को दलित उत्पीडन के तहत कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए है। साथ ही दलित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया है।
दलित की रोटी खाकर कुत्ता हुआ अछूत
सितम्बर 23, 2010 khaskhabar द्वारा