मुम्बई। अभिनेत्री प्रियंका चोप़डा ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें कहा जा रहा है कि ऎश्वर्या राय की जगह उन्हें मधुर भंडारकर की आगामी फिल्म हीरोइन” में मुख्य भूमिका के लिए चुना जा सकता है। उल्लेखनीय है कि ऎश्वर्या गर्भवती हैं और इस कारण वह फिलहाल फिल्मों में काम नहीं कर सकतीं। फिल्म की प्रोडक्शन कम्पनी यूटीवी ने भी साफ कर दिया है कि उसे अपनी फिल्म से अधिक ऎश्वर्या के स्वस्थ मातृत्व की चिंता है। ऎसे में इस फिल्म के लिए प्रियंका के साथ करार करने सम्बंधी अटकलें सामने आने लगी हैं। इसे लेकर प्रियंका ने टि्वटर पर जारी अपनी टिप्पणी में लिखा है, “”मैंने कुछ अटपटीं खबरें पढ़ी हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि मुझे भंडारकर की अगली फिल्म “हीरोइन” में शामिल किया जा रहा है। भंडारकर बेहतरीन निर्देशक हैं। मुझे उनके साथ काम करना हमेशा से पसंद रहा है लेकिन दोस्तों फिलहाल ऎसी कोई बात नहीं है। मैं इस फिल्म की सफलता के लिए ऎश्वर्या और भंडारकर को बहुत सारी शुभकामनाएं देती हूं।”" फिल्म की प्रोडक्शन कम्पनी यूटीवी ने मंगलवार को साफ कर दिया कि उनकी फिल्म की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है। कम्पनी के मुताबिक उसे खुशी है कि ऎश्वर्या मां बनने वाली हैं और इस कारण वह अगली सूचना तक फिल्म की शूटिंग पर रोक लगा रही है।
“हीरोइन” में ऎश्वर्या की जगह नहीं लेंगी प्रियंका
जून 29, 2011 khaskhabar द्वारा