मुम्बई। बॉलीवुड में इन दिनों हॉलीवुड की तर्ज पर पिछली हिट फिल्म की अगली कडी अर्थात् सीक्वल बनाने का जो दौर शुरू हुआ है उससे ऎसा लगने लगा है कि अब नई कहानी भी पुराने टाइटल में केवल भाग-2 या भाग-3 जुडा हुआ होगा। दो सप्ताह पहले प्रदर्शित हुई महेश भट्ट की मर्डर-2 ने निर्माताओं के लिए एक नया सिलसिला शुरू कर दिया है। मर्डर-2 में शीर्षक आठ साल पहले आई फिल्म का इस्तेमाल किया गया जबकि फिल्म का कथानक उससे कहीं भी मेल नहीं खाता था। शगुफ्ता रफीक की कहानी पर बनी मर्डर-2 बिलकुल नई कहानी पर है। इस फिल्म की सफलता ने एक नई परिपाटी शुरू कर दी है। महेश भट्ट का कहना है कि वे अब इस नाम से मर्डर-3, मर्डर-4 और आगे भी फिल्में बनाएंगे अर्थात् उन्होंने मर्डर को ब्रांड बना दिया है।
इन सिलसिलेवार बनने वाले सीक्वल के बारे में पाठकों को थोडी सी जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है कि आने वाले समय में किन-किन फिल्मों के सीक्वल पाठकों व दर्शकों के सामने आएंगे-

दोस्ताना
करण जौहर ने कुछ साल पहले प्रियंका चोपडा, अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम के साथ दोस्ताना नामक फिल्म बनाई थी। जब इस फिल्म की घोषणा हुई थी तब कहा जा रहा था कि करण अपने पिता के पहले प्रयास को फिर से दर्शकों के सामने ला रहे हैं अर्थात् अमिताभ बच्चन, शत्रुƒन सिन्हा और जीनत अमान की दोस्ताना का रीमेक बनाने जा रहे हैं। लेकिन वास्तविक इसके बिल्कुल उल्टी थी। तरूण मनसुखानी के निर्देशन में बनी दोस्ताना पश्चिमी देशों में बीमारी की तरह फैली गे प्रथा पर आधारित थी, जिसे तरूण ने बेहद मनोरंजक अंदाज में दर्शकों के सामने रखा था। यह फिल्म परिस्थितिजन्य हास्य के कारण दर्शकों के दिलों पर राज करने में कामयाब हुई। अब करण जौहर इस फिल्म के सीक्वल पर काम कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस फिल्म में वहीं कलाकार काम करेंगे जिन्होंने इसके पहले भाग में काम किया है और निर्देशक भी संभवतया तरूण मनसुखानी ही होंगे।

राज-3
सन् 2001 में आई महेश भट्ट की सुपर नैचुरल हॉरर फिल्म राज ने भयावह संगीतमय प्रेमकथा के साथ दर्शकों को बहुत मजबूती से अपने साथ जोडा था। बिपाशा बसु और डिनो मारिया के साथ आशुतोष राणा और आत्मा की भूमिका में आई मालिनी ने इस फिल्म में अविस्मरणीय अभिनय किया था। विक्रम भट्ट का निर्देशन अच्छा था। इस फिल्म का सीक्वल महेश भट्ट ने तीन साल पहले राज-2 के नाम से बनाया। दर्शकों को उम्मीद थी कि इस फिल्म की कहानी वहां से शुरू होगी जहां राज खत्म हुई थी लेकिन ऎसा कुछ नहीं था। कहानी बिलकुल नई थी और राज-2 में महेश भट्ट ने अपने चहेते नायक इमरान हाशमी के साथ अध्ययन सुमन और कंगना राणावत को लिया। कंगना के साथ महेश इससे पहले गैंगस्टर और वो लम्हे में काम कर चुके थे। राज-2 की कामयाबी ने महेश को इस फिल्म के तीसरे भाग राज-3 के नाम से बनाने को प्रेरित किया है। लगभग आठ साल बाद इस फिल्म से निर्देशक विक्रम भट्ट की विशेष फिल्म्स में वापसी होने जा रही है।

डॉन-2
अस्सी के दशक में आई अमिताभ बच्चन की सुपर हिट क्लासिक फिल्म डॉन का 2006 में, इस फिल्म की लेखक जोडी सलीम जावेद में से जावेद अख्तर के पुत्र, फरहान अख्तर ने शाहरूख खान के साथ रीमेक बनाया था। मूल कथा में उन्होंने अपने पिता जावेद अख्तर से समयानुसार कुछ परिवर्तन कराने के बाद उन्होंने इसे आधुनिक तकनीक के साथ परदे पर उतारा। शाहरूख खान के प्रशंसकों को यह फिल्म बहुत पसन्द आई। चार साल बाद अर्थात् 2010 में फरहान अख्तर ने इस फिल्म के सीक्वल का निर्माण प्रारम्भ किया। डॉन-2 नाम से 23 दिसम्बर को प्रदर्शित होने वाली इस फिल्म की कहानी वहां से शुरू होती है जहां पर डॉन के रीमेक का अन्त हुआ था। इस फिल्म का टाइटल जरूर वही रखा गया है लेकिन कथा बिलकुल अलग है। इस बार इस फिल्म में शाहरूख खान के साथ सिर्फ प्रियंका चोपडा नजर आएंगी, जबकि पिछली फिल्म में प्रियंका के साथ-साथ ईशा कोप्पिकर ने भी अहम् भूमिका निभाई थी। रितेश सिद्धवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित इस फिल्म को स्वयं फरहान अख्तर ने निर्देशित किया है। इन दिनों इस फिल्म के प्रोमो फरहान द्वारा निर्मित जिन्दगी मिलेगी ना दोबारा के साथ दिखाए जा रहे हैं। दर्शकों को अपनी आकर्षित करने के लिए छह माह पूर्व ही प्रोमो दिखाना क्या उचित है यह एक चर्चा का विषय हो सकता है।

हाउसफुल-2
हे बेबी से अपने निर्देशकीय करियर की शुरूआत करने वाले साजिद खान ने साजिद नडियादवाला के लिए इस फिल्म के बाद दो नायक व दो नायिकाओं को एक साथ लेकर हाउसफुल नामक हास्य फिल्म को दर्शकों के सामने रखा। अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, दीपिका पादुकोण और लारा दत्ता के साथ इस फिल्म में अर्जुन रामपाल ने भी एक अहम् भूमिका निभाई थी। इस फिल्म की सफलता में संगीत का योगदान भी रहा था। गत वर्ष प्रदर्शित हुई इस फिल्म की सफलता के तुरन्त बाद साजिद खान ने इसके सीक्वल की घोषणा कर दी थी। फरवरी से अप्रैल तक चले क्रिकेट के महाकुंभ में उन्होंने इसका जबरदस्त प्रचार शुरू कर दिया था जबकि तब फिल्म अभी कागजों पर ही थी। इन दिनों इस फिल्म की शूटिंग जारी है। कहा जा रहा है कि निर्देशक साजिद खान इस फिल्म की नायिका जैकलीन फर्नाडिस से शादी करने जा रहे हैं। देखते हैं फिल्म पहले आती है या इन दोनों की शादी पहले होती है।