बुड्ढे नायकों को लगातार देखते रहने के आदी दर्शकों को जब सिनेमाई परदे पर एक साथ कुछ नौजवान युवाओं को देखने का मौका मिला तो दर्शकों ने उन्हें हाथों-हाथ स्वीकारा और उन्हें बॉलीवुड में सफलता की राह पर धकेला। आज बॉलीवुड में शाहिद कपूर, इमरान खान और रणबीर कपूर ऎसे अदाकार हैं जो अपनी वास्तविक उम्र के हिसाब से युवा हैं। इन तीनों नौजवानों ने अपने-अपने स्तर पर दर्शकों को अपने साथ जोडने में कामयाबी पाई है लेकिन सर्वाधिक प्रसिद्धि प्राप्त करने वालों में रहे हैं कपूर खानदान के इकलौता चश्मो चिराग रणबीर कपूर, जो अपने समय की सर्वाधिक प्रसिद्ध जोडी ऋषि कपूर और नीतू सिंह की औलाद है।

वर्ष 2007 से बॉलीवुड में कदम रखने वाले इस अभिनेता ने उन अभिनेताओं के लिए एक चुनौती पेश की जो 40-45 के बीच के होते हुए भी बॉलीवुड में युवा नायकों के तौर पर छाए हुए थे और न चाहते हुए भी दर्शकों द्वारा सराहे जा रहे थे। कुछ साल पहले तक बॉलीवुड में शीर्ष अभिनेताओं के लिए टक्कर होने पर आमिर खान, सलमान खान, शाहरूख खान, अमिताभ बच्चन जैसे सितारों का नाम आता था पर वक्त के साथ बॉलीवुड में एंट्री मारी कुछ नए सितारों ने, जिन्होंने दर्शकों को अपने अभिनय से इतना मोहित किया कि उन्हें बॉलीवुड का आने वाला सितारा माने जाने लगा। इमरान खान, शाहिद कपूर जैसे नवोदित सितारों ने जल्द ही बॉलीवुड में अपनी जगह बना ली. लेकिन नए सितारों की भीड में एक नाम ऎसा भी उभरा जिसने अपने स्टारडम और मेहनत के बल पर बॉलीवुड के शीर्ष आकाओं को भी सोच-विचार करने पर मजबूर कर दिया। कपूर खानदान के नए अभिनेता रणबीर कपूर ने युवाओं के सामने एक आदर्श नव अभिनेता की छवि रखी है।

आज अभिनेता रणबीर कपूर का जन्म दिन है। हालांकि आज के दिन को बॉलीवुड में लता मंगेशकर (लता मंगेशकर पर अधिक जानकारी के लिए देखें संगीत की देवी) के दिन के रूप में याद किया जाता है। रणबीर कपूर की नई फिल्म रॉक स्टार आगामी 11 नवम्बर को प्रदर्शित होने जा रही है। ऎसे में यह जन्मदिन उनके लिए खासा महत्वपूर्ण है। पिछले चार साल के अभिनय करियर में कामयाबी रणबीर कपूर के पास आई है तो उनकी प्रेमिकाओं की लिस्ट में भी एक दो नाम जुडे हैं। 28 सितम्बर, 1982 को जन्मे रणबीर कपूर को अभिनय विरासत के में मिला है। रणबीर कपूर हिन्दी सिनेमा के सबसे मशहूर और कामयाब कपूर खानदान से हैं।

बॉलीवुड में रणबीर कपूर, कपूर खानदान की चौथी पीढी हैं। अपने पिता ऋषि कपूर की तरह ही रणबीर भी रोमांटिक किरदारों की पहली पसंद माने जाते हैं। उनकी एक बहन हैं रिद्धिमा कपूर। रणबीर, रणधीर कपूर के भतीजे हैं और वह करीना कपूर और करिश्मा के चचेरे भाई हैं। रणबीर कपूर का पूरा फैमिली बैकग्राउंड फिल्मी होने की वजह से उनका अभिनय में आना आसान हो गया।
मुम्बई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल से शिक्षा ग्रहण करने वाले रणबीर ने अभिनय की बारीकियां न्यूयार्क के ली स्ट्रास्बर्ग थियेटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट में जाकर सीखीं। लेकिन अभिनय क्षेत्र में उतरने से पहले रणबीर कपूर ने फिल्मों की निर्माण प्रक्रिया को समझने का फैसला किया और उन्होंने इस प्रक्रिया को समझने के लिए बॉलीवुड के निष्णांत निर्देशक संजय लीला भंसाली का दामन थामा। उन्होंने संजय की फिल्म ब्लैक में उनके साथ सहायक निर्देशक के तौर पर काम किया। ब्लैक से जुडा संजय लीला भंसाली और रणबीर कपूर का साथ रंग लाने लगा।
अभिनय के क्षेत्र में रणबीर की जबरदस्त रूचि को देखते हुए संजय लीला भंसाली ने उन्हें अपने महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट सांवरिया के जरिए सेल्यूलाइड के परदे पर लाने का ऎलान किया। इस फिल्म के जरिए संजय लीला भंसाली ने एक और कपूर खानदान के चिराग को बॉलीवुड से परिचित कराया। बॉलीवुड के गलियारों में इस कपूर खानदान का भी अपना एक अलग मुकाम है। अपने समय के सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता और सह निर्देशक रहे सुरिन्द्रर कपूर की पोती सोनम कपूर अर्थात् अभिनेता अनिल कपूर की पुत्री को संजय ने परिचित कराया। सांवरिया अधिक सफल तो नहीं रही पर फिल्म में रणबीर पर फिल्माया टॉवेल डांस और रणबीर कपूर की चॉकलेटी छवि सबके दिलों को बाग-बाग कर गई। इस फिल्म के लिए रणबीर कपूर को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का फिल्म फेयर पुरस्कार मिला। इसके बाद रणबीर कपूर को यशराज कैम्प ने अपनी फिल्म बचना ए हसीनो में पेश किया। रणबीर कपूर को बचना ए हसीनो में अपनी चॉकलेटी छवि प्रदर्शित करने का मौका मिला जिसमें वह सफल भी रहे। इस फिल्म में उन्होंने बॉलीवुड की सैक्स बम्ब बिपाशा बसु, जो उनसे उम्र में बडी हैं, के अलावा मिनिषा लाम्बा और दीपिका पादुकोण, जिन्होंने रणबीर कपूर के साथ ही ठीक उसी दिन बॉलीवुड में प्रवेश किया था जब उनकी शाहरूख खान के साथ वाली ओम शांति ओम प्रदर्शित हुई थी। एक ही प्रदर्शित सांवरिया और ओम शांति ओम में बाजी दीपिका पादुकोण के हाथ लगी थी।एक असफल और एक सफल फिल्म के नायक-नायिका ने अपने करियर की दूसरी फिल्म बचना ए हसीनों को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता दिलाई।

बचना ए हसीनों के तुरन्त बाद रणबीर कपूर को बॉलीवुड के एक और दिग्गज निर्माता निर्देशक करण जौहर के बैनर धर्मा प्रोडक्शन के साथ जुडने का मौका और परदे पर आई एक बेहतरीन प्रेम कहानी वेकअप सिड जिसे युवा निर्देशक अयान मुखर्जी ने निर्देशित किया था। वेकअप अपनी चुस्त पटकथा और दमदार अभिनय के बलबूते पर दर्शकों द्वारा जबरदस्त सराही गई और यह पहली ऎसी फिल्म थी जिसमें रणबीर कपूर ने अपने अभिनय की गहराई को प्रदर्शित किया था। इस फिल्म से उन्होंने बॉलीवुड के उन तमाम नायकों को खुली चुनौती दी थी जो अपने दम पर फिल्म को चलाने का माद्दा रखते थे। इन नायकों में शामिल थे शाहरूख खान, अक्षय कुमार, आमिर खान और सलमान खान। वेकअप सिड ने बॉलीवुड में रणबीर कपूर को बॉलीवुड के राजकुमार की तरह स्थापित करने में कोई कोर कसर नहीं छोडी।

दर्शक अभी वेकअप सिड की सफलता के खुमार से उभरे भी नहीं थे कि रणबीर कपूर की एक और सितारा निर्देशक राजकुमार संतोषी के साथ फिल्म आई अजब प्रेम की गजब कहानी। अजब प्रेम की गजब कहानी” में रणबीर ने बॉलीवुड की राजकुमारी कैटरीना कैफ के साथ काम किया। इस फिल्म में उन्होंने अपने दादा राजकपूर की छवि को परदे पर जिस जीवंतता के साथ पेश किया वह अपने आप में उनके अभिनय की मिसाल बन गया। रणबीर अपने बबली अंदाज के लिए इस फिल्म के जरिए खासे चर्चित हुए। साथ ही फिल्म में कैटरीना और रणबीर की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

अब तक की फिल्मों में मस्त मौला के रूप में आए रणबीर कपूर के जीवन में एक संजीदगी भरी फिल्म आई जिसे बॉलीवुड के प्रख्यात फिल्मकार प्रकाश झा ने बनाया था। वास्तविक और ज्वलंत मुद्दों पर फिल्म बनाने में माहिर प्रकाश झा ने अपनी पहली बहुसितारा फिल्म राजनीति में रणबीर को जिस अंदाज में पेश किया उसने इस बात की पुरजोर तौर पर पुष्टि की की रणबीर कपूर बॉलीवुड के उसी तरह से राजकुमार हैं जिस तरह से वे राजनीति में केन्द्रीय पात्र के रूप में उभर कर सामने आए। फिल्म राजनीति में भी रणबीर ने कैटरीना कैफ के साथ काम किया था। राजनीति में भी दोनों की ऑन-स्क्रीन जोडी ने फिल्म को हिट बना दिया। राजनीति में रणबीर द्वारा निभाया गया किरदार उनके अब तक के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक माना जाता है। राजनीति के बाद रणबीर कपूर साजिद नाडियाडवाला की फिल्म अनजाना अनजानी में नजर आए प्रियंका चोपडा के साथ नजर आए। इस फिल्म में उन्होंने पहली बार चुम्बन दृश्य दिया जो दर्शकों को खासा रोमांचित करने वाला था। इस फिल्म को युवा सिद्धार्थ आनन्द राय ने ही निर्देशित किया था, जिन्होंने रणबीर कपूर को लेकर यशराज कैम्प की बचना ए हसीनो का निर्माण किया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर आंशिक सफलता प्राप्त की थी।
रणबीर और रोमांस
बॉलीवुड में पर्दे पर रोमांस करने के लिए मशहूर रणबीर असल जिंदगी में भी लव बर्ड हैं। अपने शुरूआती समय में रणबीर का नाम दीपिका पादुकोण के साथ जोडा जाता था। दोनों ने अपने प्यार का ऎलान भी सीना ठोंक के किया था, पर जल्द ही दीपिका ने रणबीर का दामन छोड दिया।

माना जाता है रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण के ब्रेकअप की वजह रणबीर कपूर की मां नीतू सिंह थीं। उन्हें अपने बेटे के लिए दीपिका पादुकोण बिलकुल नहीं सुहा रही थी। अपने बेटे को दीपिका से अलग करने में उन्होंने अपने पति ऋषि कपूर का सहारा लिया, जिनका कहा रणबीर टाल न सके और मन मसोस कर उन्होंने दीपिका पादुकोण से अपने रिश्ते को अलविदा कह दिया। उनकी फिल्म राजनीति में उनका यही दर्द परदे पर बडी खूबी से उभरकर सामने आया था। दीपिका पादुकोण के गम में डुबे रणबीर कपूर ने अपने गम को कैटरीना कैफ की बांहो में भुलाने का प्रयास किया। बॉलीवुड में इन दोनों को बेहद नजदीक माना जा रहा था।

इस रिश्ते को लेकर बॉलीवुड के दबंग खान खासे नाराज हुए। रणबीर कपूर पर तो उनका कोई जोर नहीं चला लेकिन कैटरीना कैफ पर जरूर उन्होंने जोर आजमाया। सलमान के स्पष्ट निर्देश के बाद कैटरीना ने रणबीर से ब्रेकअप किया और साथ ही उन्होंने रणबीर के साथ काम करने से भी इंकार कर दिया। कुछ समय पहले वेकअप सिड के निर्देशक अयान मुखर्जी ने रणबीर कपूर के साथ कैटरीना को लेकर इस फिल्म के सीक्वल बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन कैटरीना के इंकार के बाद इस फिल्म में रणबीर कपूर की पूर्व प्रेमिका दीपिका पादुकोण का प्रवेश हो गया है। कहा जा रहा है कि दीपिका और रणबीर को मिलाने के लिए ही कैटरीना ने इस फिल्म में काम करने से इंकार कर दिया था।
गौरतलब है कि जिस पिता के कहने पर रणबीर ने दीपिका का साथ छोडा था, वहीं इस फिल्म में इन दोनों सितारों के साथ काम करते हुए नजर आने वाले हैं। यह पहला मौका होगा जब ऋषि कपूर और रणबीर कपूर पहली बार बडे परदे पर नजर आएंगे।

हालांकि कुछ समय पहले ही यह दोनों पेप्सीको के एक विज्ञापन में एक साथ छोटे परदे पर अवतरित हो चुके हैं। इस विज्ञापन में इन दोनों को एक साथ देखकर दर्शक खासे प्रभावित हुए हैं। दीपिका के साथ ऋषि कपूर इम्तियाज अली की फिल्म लव आजकल में काम कर चुके हैं। इस फिल्म में इन दोनों का कोई भी दृश्य आमने सामने नहीं था। कुछ समय पहले रणबीर और कैटरीना कैफ को भी बेहद नजदीक माना जाता था। रणबीर और कैटरीना कैफ की जोडी ऑन-स्क्रीन जितनी मजेदार लगती है उतने ही करीब वह असल जिंदगी में भी थे। लेकिन अब रणबीर और कैटरीना भी अलग हो गए है। लगभग एक साल के इंतराल के बाद रणबीर कपूर की इम्तियाज अली निर्देशिक फिल्म रॉक स्टार का प्रदर्शन आगामी 11 नवम्बर को होने जा रहा है। इस फिल्म में उनके साथ नई अभिनेत्री नरगिस फाखरी नजर आएंगी जिनके साथ भी रणबीर कपूर के रोमांस के चर्चे चले थे और यह नायिका रणबीर के पिता ऋषि व माता नीतू कपूर को बेहद पसन्द आई थी। इन दोनों ने तो इम्तियाज अली से इस युवती को नायिका बनाने का मशविरा भी दिया। जिस पर इम्तियाज ने उन्हें जानकारी दी थी कि यही तो मेरी फिल्म में रणबीर की नायिका है। रॉक स्टार की दो बातें इन दिनों दर्शकों को खासा लुभावना बना रही हैं। एक इस फिल्म में रणबीर कपूर के गेटअप की बेहद चर्चा है और दूसरी उससे कहीं ज्यादा चर्चा उनके और नरगिस के चुम्बन दृश्य की है जो इन दिनों इंटरनेट की दुनिया में सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। इस दृश्य को जितनी गर्माहट के साथ इन दोनों अदाकारों ने परदे पर उतारा है उससे इनकी बेकरारी को आसानी से समझा जा सकता है।
उम्मीद की जानी चाहिए कि बॉलीवुड का यह राजकुमार आने वाले समय में अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए सफल रोमांटिक नायक की लम्बी पारी खेलेगा जिस तरह से उनके पिता ऋषि कपूर ने बॉलीवुड में खेली थी। ऋषि कपूर 30 साल तक बतौर रोमांटिक नायक ही आते रहे हैं। बुढापे में आकर उन्होंने चरित्र भूमिकाओं का निर्वाह उसी अंदाज में करना शुरू किया है जिस अंदाज में अमिताभ बच्चन ने किया था। अमिताभ के नक्शे कदम पर चलते हुए ऋषि कपूर करण जौहर की महžवाकांक्षी फिल्म अगि्नपथ में संजय दत्त के साथ खलनायक की भूमिका अभिनीत करते नजर आएंगे। – राजेश कुमार भगताणी
बॉलीवुड का राजकुमार : रणबीर कपूर
सितम्बर 29, 2011 khaskhabar द्वारा