बॉलीवुड में सफल फिल्मों के सीक्वल बनाने का चलन जोर पकड रहा है। किसी फिल्म के हिट होते ही निर्माता निर्देशक उसके सीक्वल की तैयारियों में जुट जाते हैं। किसी भी फिल्म का सीक्वल बनाना एक बडी चुनौती है क्योंकि जरूरी नहीं है कि पिछली फिल्म की तरह उसका सीक्वल भी हिट साबित हो। इसके अलावा सीक्वल फिल्म पर अपेक्षाओं का बोझ भी रहता है। आज के फिल्मकारों में चुनौती लेने की क्षमता और उसके प्रति उनका रूझान वाकई काबिल-ए-तारीफ है।

पुराने समय में फिल्मों के सीक्वल का चलन बहुत कम या यूं कहें न के बराबर था, लेकिन बदलते वक्त के साथ प्रतिभावान फिल्मकार सीक्वल बनाने का जोखिम ले रहे हैं। सीक्वल की सफलता की बात की जाए तो अभी तक रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित “गोलमाल” ही ऎसी फिल्म है जिस पर लगातार तीन फिल्में बन चुकी हैं और चौथे की प्लानिंग हो रही है। गोलमाल सीरीज की तीनों फिल्मों ने ही बॉक्स ऑफिस पर काफी धूम मचाई है। इन दिनों ऎसी बहुत सी फिल्मों के सीक्वल हैं जो फ्लोर पर हैं या जल्द ही प्रदर्शित होने वाले हैं। आइए जानते हैं इन सीक्वल्स के बारे में जो आगामी दिनों में हमें दिखाई देंगे।
डॉन-2 शाहरूख खान और प्रियंका चोपडा द्वारा अभिनीत फिल्म “डॉन” का सीक्वल “डॉन 2″ प्रदर्शित होने के लिए तैयार है। “डॉन-2″ में भी शाहरूख और प्रियंका लीड रोल में हैं। इनके साथ ही अर्जुन रामपाल, लारा दत्ता, समीरा रेड्डी, कुणाल कपूर, ओम पुरी और बोमन ईरानी भी अहम भूमिका में हैं। फरहान अख्तर के निर्देशन वाली “डॉन-2″ के निर्माता रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर, रिलायंस एन्टरटेनमेंट और शाहरूख खान हैं। फिल्म में शंकर एहसान लॉय का संगीत है। “डॉन-2″ 23 दिसंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।

हाउसफुल 2 “हे बेबी” और “हाऊसफुल” जैसी हिट फिल्मों के निर्देशक साजिद खान की अगली पेशकश “हाउसफुल 2″ है। यह फिल्म अगले साल अप्रैल माह में प्रदर्शित होगी। अक्षय कुमार, असिन, जॉन अब्राहम, जैकलीन फर्नाडिस, जरीन खान, रितेश देशमुख ने इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है। अमिताभ बच्चन, मिथुन चRवर्ती, ऋषि कपूर जैसे नामी कलाकारों के फिल्म से जुडने से इसका आकर्षण बढ गया है।
जन्नत 2
महेश भट्ट के बैनर विशेष फिल्म्स की अगली पेशकश “जन्नत 2″ होगी। इसके निर्देशक हैं कुणाल देशमुख। विशेष फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली फिल्मों की सफलता में उसका म्यूजिक अहम रोल निभाता है। “जन्नत 2″ में प्रीतम का संगीत होगा। इमरान हाशमी ने “जन्नत” में सट्टेबाज की भूमिका निभाई थी।
रेस 2 अब्बास मस्तान की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म “रेस” का सीक्वल “रेस 2″। इसका निर्देशन भी अब्बास मस्तान की जोडी के जिम्मे ही है। निर्माता रमेश तौरानी हैं। संगीतकार हैं प्रीतम चक्रवर्ती और कलाकार हैं सैफ अली खान, अनिल कपूर, जॉन अब्राहम, दीपिका पादुकोण, अमीषा पटेल, सोनाक्षी सिन्हा और चित्रांगदा सिंह।
धूम 3 “धूम” और “धूम 2″ की अपार सफलता के बाद अब यशराज फिल्म्स “धूम 3″ में बिजी है। अभिषेक बच्चन, उदय चोपडा के साथ इस बार आमिर खान और कैटरीना कैफ होंगे। “धूम” सीरीज की पिछले दो फिल्मों में जॉन अब्राहम और ऋतिक रोशन ने नेगेटिव रोल किए थे। इस बार यह काम आमिर खान करेंगे। यशराज फिल्म्स की “धूम 3″ का निर्देशन कर रहे हैं विजय कृष्ण आचार्य। फिल्म 2013 में कब प्रदर्शित होगी इसकी तारीख अभी तय नहीं की गई है।

कृष-2
“कृष” “कोई मिल गया” का सीक्वल थी लेकिन तब तक बॉलीवुड में सीक्वल के तौर पर फिल्मों को प्रचारित करने का चलन शुरू नहीं हुआ था जैसा कि आजकल चल रहा है। अब इस फिल्म के सीक्वल “कृष-2″ का काम चल रहा है। पिछली दोनों फिल्मों की तरह ही इसके निर्माता और निर्देशक राकेश रोशन हैं। संगीतकार हैं राजेश रोशन। “कृष 2″ में ऋतिक रोशन के साथ रेखा, कंगना राणावत, विवेक ओबेरॉय और रिया सेन स्Rीन स्पेस शेयर करते नजर आएंगे।

दबंग 2
अरबाज खान के बैनर तले बनी फिल्म “दंबग” ने सफलता के नए आयाम को छुआ। इस बार फिल्म के निर्माण के साथ-साथ निर्देशन का जिम्मा भी अरबाज खान ने अपने कंधों पर लिया है। सलमान खान और सोनाक्षी सिन्हा के अलावा इस फिल्म में सोनू सूद के साथ दक्षिण भारत के सुप्रसिद्ध और हिन्दी फिल्मों के उभरते नए दमदार खलनायक प्रकाश राज, जिन्होंने हिन्दी में अब तक “वाण्टेड”, “सिंघम” और “बुड्ढा होगा तेरा बाप” में अपनी अभिनय क्षमता को दर्शाया है, होंगे।
